Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 34 पर बघराई कट के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान खुर्जा के पीरजादगान मोहल्ले निवासी अरशद उम्र 25 वर्ष और मुजम्मिल उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों पुरानी मंडी में सब्जी की दुकान चलाते थे।

परिजन जीशान ने बताया कि दोनों अपनी नानी के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने अनूपशहर गए थे। दोपहर में खुर्जा लौटते समय बघराई कट पर यू टर्न लेते वक्त अलीगढ़ की ओर से आ रही कार ने उनकी बाइक को रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कार चालक को हिरासत में ले लिया।
मुजम्मिल शादीशुदा था और उसकी दो साल की बेटी है जबकि अरशद के परिवार में पिता और बड़ी बहन हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।





