Churu Road Accident: राजस्थान के चूरू में कार-ट्रक की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 6 की मौत; सात महीने की बच्ची गंभीर
राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक समेत कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सादुलपुर (राजगढ़) थाना क्षेत्र में ददरेवा गांव के पास तारानगर मार्ग पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे मालवाहक ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंसकर चकनाचूर हो गया। कार में सवार सात महीने की एक बच्ची हादसे में बच गई, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव का एक परिवार शनिवार सुबह कार से लोकदेवता गोगामेड़ी के दर्शन करने निकला था। कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। करीब साढ़े आठ बजे जब कार ददरेवा-तारानगर मार्ग से गुजर रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंजर इतना भयावह था कि कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए ग्रामीणों को लोहे की रॉड और ट्रैक्टर की मदद से दरवाजे तोड़ने पड़े। हादसे में दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चे ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सात महीने की बच्ची को ग्रामीण निजी वाहन से सादुलपुर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे बड़े अस्पताल रेफर किया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर नाराजगी भी जताई।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर सोमसीसर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया और घरों में चूल्हे तक नहीं जले। धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के इस तरह उजड़ जाने से हर आंख नम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की और जिला कलेक्टर व चिकित्सा अधिकारियों को घायल बच्ची का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।





