Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को नवप्रवेशित एमबीबीएस बैच 2026 के विद्यार्थियों के लिए तृतीय व्हाइट कोट समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ संगीता अनेजा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ भोला सिंह शामिल हुए।

प्राचार्य डॉ संगीता अनेजा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट केवल एक परिधान नहीं बल्कि सेवा समर्पण करुणा अनुशासन और चिकित्सा नैतिकता का प्रतीक है। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए एमडी सीटों के विस्तार और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ भोला सिंह ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर उनके चिकित्सा जीवन की औपचारिक शुरुआत कराई। इसके बाद विद्यार्थियों ने महर्षि चरक शपथ ग्रहण कर ईमानदारी कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के साथ सेवा का संकल्प लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है और विद्यार्थियों को अनुशासन और नैतिकता को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प और हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं को बेहतर अवसर और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि जिस जनपद में पहले मेडिकल कॉलेज नहीं था आज वहां कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में देश के विभिन्न राज्यों से विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
समारोह का आयोजन बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ शिल्पा मित्तल के प्रयासों और संकाय सदस्यों रेजिडेंट चिकित्सकों विद्यार्थियों व कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।





