Hapur News : हापुड़ में दिवाली से पहले अवैध पटाखों को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर कोतवाली पुलिस ने आदर्श नगर कॉलोनी में एक मकान पर छापा मारकर पांच बोरे अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को मौके से गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान रोहित और मोहित के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे यह कार्रवाई की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पटाखों को बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए घर में जमा करके रखे हुए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और नियम तोड़ने वालों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।





