Mathura : मथुरा में श्री गिरिराज सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले अलौकिक छप्पन भोग महोत्सव की पूर्व संध्या पर भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर गिरिराज महाराज का विशेष पंचरत्न महाभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा और हर्षोल्लास के बीच संपन्न हुआ।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रभु का दिव्य महाभिषेक कामधेनु गाय के शुद्ध दूध, दुर्लभ वैदिक जड़ी बूटियों और पारंपरिक पंच पात्रों के माध्यम से कराया गया। अभिषेक के दौरान पूरा प्रांगण गिरिराज महाराज की जय और राधे राधे के जयघोष से गूंज उठा। इस अलौकिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
महोत्सव की श्रृंखला में कल अनंत चतुर्दशी के अवसर पर प्रभु गिरिराज जी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान भगवान चांदी के विशाल कमल पुष्प पर शेषनाग के साथ विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। प्रभु का यह श्रृंगार हीरा मोती पन्ना पुखराज नीलम और गोमेद जैसे बहुमूल्य सप्तरत्नों से किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल ने देश विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को इस दुर्लभ दर्शन के लिए आमंत्रित किया है।


