Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के महमूदपुर आजमपुर गांव में गौरव त्यागी की हत्या के बाद सोमवार को गांव वालों का आक्रोश कलेक्ट्रेट में दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों की मांग है कि जिन लोगों पर हत्या का आरोप है उनके परिवार वालों को गांव में न रहने दिया जाए।
धरना दे रहे लोगों ने कहा कि यदि आरोपी पक्ष के लोग गांव में ही रहेंगे तो पीड़ित परिवार को खतरा महसूस होगा और उन्हें मजबूरी में गांव छोड़ना पड़ सकता है। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा देने की मांग की। शाम तक कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन चलता रहा।
गौरतलब है कि 18 अगस्त को गौरव त्यागी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस मामले में सातों नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सोमवार को भाकियू के जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी के नेतृत्व में मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि हत्या की घटना के बाद से गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन को आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए कदम उठाने चाहिए।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र भी दिया है जिसमें पीड़ित परिवार की सुरक्षा और गांव में शांति बनाए रखने की मांग की गई है। साथ ही कहा गया है कि यदि पीड़ित परिवार पर किसी तरह का दबाव बनाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई हो। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देता तब तक धरना खत्म नहीं किया जाएगा।


