Factory Theft: फैक्टरी से कॉपर पाइप चोरी कर भाग रहा आरोपी रंगे हाथ पकड़ा, सुरक्षाकर्मी ने दबोचा
नोएडा। फेज-1 थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित एक फैक्टरी में घुसकर एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप चोरी करने वाले आरोपी को फैक्टरी के सुरक्षाकर्मी ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी दीवार फांदकर फैक्टरी परिसर में दाखिल हुआ था और छत पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप काटकर ले जा रहा था। सुरक्षाकर्मी ने काफी मशक्कत के बाद उसे चोरी के सामान के साथ दबोच लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मूलरूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले घनश्याम ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-4 के ए ब्लॉक स्थित एक फैक्टरी में सुरक्षाकर्मी के रूप में नौकरी करते हैं। 13 सितंबर की रात एक अज्ञात व्यक्ति फैक्टरी की दीवार फांदकर परिसर में घुस गया। इसके बाद वह छत पर पहुंचा और वहां लगे एयर कंडीशनर के आउटडोर यूनिट से कॉपर के पाइप काट लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी रात करीब एक बजे फैक्टरी परिसर में दाखिल हुआ था। कॉपर पाइप चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मी ने आरोपी की तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए वह फैक्टरी के पीछे स्थित एक भूखंड तक पहुंच गया। वहां संदिग्ध व्यक्ति चोरी किए गए कॉपर पाइप के साथ मौजूद मिला।
सुरक्षाकर्मी ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पकड़े गए आरोपी की पहचान सेक्टर-10 निवासी कुनाल के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार फैक्टरी में इससे पहले भी एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मार्च 2026 और एक सितंबर 2026 को भी फैक्टरी से एसी के पाइप चोरी हुए थे।
फेज-1 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।




