Noida Electricity Connections: डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटने पर आंदोलन की तैयारी, 6 सितंबर को महापंचायत; अब तक 3 हजार से ज्यादा कनेक्शन कटे

Noida Electricity Connections: डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटने पर आंदोलन की तैयारी, 6 सितंबर को महापंचायत; अब तक 3 हजार से ज्यादा कनेक्शन कटे

नोएडा। सेक्टर-63 के छिजारसी और चोटपुर समेत डूब क्षेत्र की कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन काटे जाने का विरोध तेज होने लगा है। भारतीय किसान परिषद ने कार्रवाई के खिलाफ छह सितंबर को पुश्ता रोड पर महापंचायत बुलाने का ऐलान किया है। महापंचायत की तैयारियों को लेकर ग्रीन पार्क, गढ़ी चौखंडी समेत कई स्थानों पर बैठकें की जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कनेक्शन काटे जाने से हजारों परिवारों के सामने बिजली के साथ पानी का भी संकट खड़ा हो गया है।

भारतीय किसान परिषद के पदाधिकारी और स्थानीय निवासी लगातार बैठकें कर छह सितंबर की महापंचायत के लिए लोगों को एकजुट कर रहे हैं। परिषद का कहना है कि महापंचायत में डूब क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन और विद्युत निगम के सामने रखा जाएगा।

इस बीच नोएडा विधायक पंकज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय और उच्च अधिकारियों से बातचीत की है। स्थानीय लोगों को अब इस मामले में शासन स्तर से हस्तक्षेप और राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि डूब क्षेत्र की इन कॉलोनियों में लोग वर्षों से रह रहे हैं और यहां बिजली, पानी तथा सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का ढांचा मौजूद है। उनका आरोप है कि अचानक बड़े स्तर पर बिजली कनेक्शन काटे जाने से हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद विद्युत निगम ने डूब क्षेत्र में कथित अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विद्युत निगम के मुताबिक छिजारसी और चोटपुर में जांच के दौरान करीब 13 हजार अवैध कनेक्शन सामने आए हैं। इनमें से अब तक तीन हजार से अधिक कनेक्शन काटे जा चुके हैं।

कार्रवाई के दौरान विद्युत निगम ने 10 ट्रांसफॉर्मर भी जब्त किए हैं। रविवार को छिजारसी और परथला गांव में विद्युत निगम और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि डूब क्षेत्र में बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रविवार को कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और विद्युत निगम की टीम के बीच बहस भी हुई। इससे जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। प्रदर्शन और विरोध के बीच शालिनी सिंह भी मौके पर पहुंचीं।

भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि छह सितंबर को होने वाली महापंचायत में प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। शासन-प्रशासन और विद्युत निगम के सामने लोगों का पक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

विद्युत निगम की जांच में परथला गांव में एक अलग मामला भी सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक यहां 200 केवीए का एक कनेक्शन मिला, जिससे 80 से अधिक लोगों को कथित तौर पर अवैध तरीके से बिजली उपलब्ध कराई जा रही थी।

जांच में यह बात भी सामने आने का दावा किया गया है कि उपभोक्ताओं से 11 रुपये प्रति यूनिट और 300 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से रकम ली जा रही थी। विद्युत निगम ने संबंधित कनेक्शन काटने के साथ केबल और अन्य सामान जब्त कर लिया है।

बिजली चोरी के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। निगम का कहना है कि बिजली चोरी करने के साथ अवैध तरीके से दूसरे लोगों को बिजली उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद अब पानी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक कई कॉलोनियों में सरकारी जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं है और बड़ी संख्या में परिवार पानी के लिए सबमर्सिबल पंप पर निर्भर हैं।

बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण सबमर्सिबल पंप नहीं चल पा रहे हैं। इससे कई परिवारों को पीने और दैनिक जरूरतों के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ परिवार बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं, जबकि कई लोगों को टैंकर मंगाकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है।

कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों ने जमीन की रजिस्ट्री को लेकर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि डूब क्षेत्र में निर्माण और रहने पर प्रतिबंध है तो यहां जमीन की रजिस्ट्री किस आधार पर हुई। उनका सवाल है कि जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान राजस्व और स्टांप शुल्क क्यों लिया गया।

लोगों का यह भी कहना है कि कॉलोनियों में इतने बड़े स्तर पर बिजली का ढांचा अधिकारियों की जानकारी के बिना तैयार होना संभव नहीं है। उनका आरोप है कि वर्षों तक सुविधाएं मिलने के बाद अचानक बिजली कनेक्शन काटे जाने से हजारों परिवारों के सामने संकट पैदा हो गया है।

दूसरी ओर विद्युत निगम ने साफ किया है कि अवैध बिजली कनेक्शन और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान नहीं रुकेगा। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता एसके जैन ने कहा कि डूब क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध कनेक्शन काटे जाएंगे और बिजली चोरी करने तथा कराने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

एक तरफ विद्युत निगम अवैध कनेक्शनों और बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोग इस अभियान से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर लामबंद हो रहे हैं। ऐसे में अब छह सितंबर को होने वाली महापंचायत पर लोगों के साथ प्रशासन और विद्युत निगम की भी नजर रहेगी। महापंचायत के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

Hot this week

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...

Lucknow : शिक्षकों के सम्मान में सभी वन प्रभाग लगाएंगे ‘एक पेड़ गुरु के नाम’

Lucknow : योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026...

Topics

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img