Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी में कई दिनों से चल रहा आपसी विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों के हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता के मुंशी ने मेरठ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 52 वर्षीय महकर सिंह के रूप में हुई है जो गांव शाहपुर चौधरी के रहने वाले थे और गाजियाबाद में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार पड़ोस के कुछ लोगों से उनकी कहासुनी चल रही थी। आरोप है कि शुक्रवार शाम जब वह काम से लौट रहे थे तो गांव में अंडा फैक्टरी के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमलावर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए।
परिजन उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी विनीत भटनागर, सीओ राहुल यादव और कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


