Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल ने सोमवार को बुलंदशहर के गांव खेतलपुर भाँसोली स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कई खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने पाया कि पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा समय पर गौशाला का निरीक्षण नहीं किया जा रहा था और गायों के स्वास्थ्य परीक्षण में लापरवाही बरती जा रही थी। इस पर उन्होंने संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
गौशाला परिसर में गंदगी देखकर सीडीओ ग्रेवाल ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान पंखा भी खराब अवस्था में मिला, जिसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने बीडीओ और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला से संबंधित सभी रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट किए जाएं। गौशाला और उसके आसपास नियमित और व्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गौवंश के लिए नियमित रूप से हरे चारे की उपलब्धता बनाए रखी जाए और पशु चिकित्सकों द्वारा गायों का समय पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीडीओ निशा ग्रेवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद की सभी गौशालाओं में गौवंश के रखरखाव और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


