Dog Bite Cases: उमस भरी गर्मी में बढ़ा कुत्तों का आतंक, नोएडा में 40 फीसदी तक बढ़े काटने के मामले
नोएडा। बरसात के बीच बढ़ी उमस और चिपचिपी गर्मी का असर अब शहर में इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों के व्यवहार पर भी दिखाई देने लगा है। नोएडा के कई सेक्टरों और सोसाइटियों में लावारिस कुत्तों के आक्रामक होने की शिकायतें बढ़ी हैं। इसके साथ ही कुत्तों के काटने और खरोंचने के मामलों में भी अचानक वृद्धि दर्ज की गई है।
स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल से मिले पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों के अनुसार, एंटी-रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। नोएडा के जिला अस्पताल सेक्टर-39 और विभिन्न निजी स्वास्थ्य केंद्रों में रोजाना औसतन 150 से 200 लोग कुत्ते के काटने या खरोंचने की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप कुमार शैलत के अनुसार गर्मी और डिहाइड्रेशन की वजह से कुत्तों में हीट स्ट्रेस बढ़ सकता है। इसके अलावा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त पानी नहीं मिलने से उनमें चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में कुत्ते इंसानों की सामान्य गतिविधियों को भी अपने लिए खतरा समझकर आक्रामक प्रतिक्रिया दे सकते हैं।
नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर उठे सवाल
कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर शहर की सोसाइटियों में आरडब्ल्यूए और निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि लावारिस कुत्तों की नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण का अभियान प्रभावी तरीके से नहीं चल रहा है। लोगों का कहना है कि कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके आक्रामक व्यवहार के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इन इलाकों से ज्यादा मामले
कुत्तों के काटने और हमले की शिकायतें सेक्टर-51, 62, 71 और 121 के अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई हाईराइज सोसाइटियों और आसपास के ग्रामीण इलाकों से सामने आ रही हैं। पार्कों में खेलने वाले बच्चों और सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्गों को लेकर विशेष चिंता जताई जा रही है।
जिला अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों के आंकड़े
7 अगस्त को 219 लोगों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाई। 8 अगस्त को यह संख्या 157 रही। 9 अगस्त को रविवार होने के कारण आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। 10 अगस्त को 310 लोगों को एआरवी लगाई गई, जबकि 11 अगस्त को 104 और 12 अगस्त को 254 लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचे।
कुत्ते के हमले से बचने के लिए सावधानी जरूरी
लावारिस कुत्तों के आक्रामक व्यवहार से बचने के लिए लोगों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। घर या सोसाइटी के बाहर साफ पानी रखा जा सकता है, ताकि जानवर प्यासे न रहें। सामने आक्रामक कुत्ता दिखाई देने पर भागने या चीखने के बजाय शांत रहना चाहिए। सो रहे या खाना खा रहे कुत्ते को अचानक छेड़ने से भी बचना चाहिए।
अगर कुत्ता काट ले या खरोंच मार दे तो जख्म को तुरंत साबुन और बहते पानी से करीब 10 से 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए चिकित्सकीय सलाह लेकर एंटी-रेबीज उपचार शुरू कराना जरूरी है।

