Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : जनपद के छतारी थाना क्षेत्र के नारऊ गांव में जमीन के पुराने विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस ने तीन घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
नारऊ गांव निवासी आनंदस्वरूप उम्र 64 वर्ष शुक्रवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला चचेरा भाई अभिषेक शर्मा और उसका एक दोस्त दीवार फांदकर घर में घुसे और सो रहे आनंदस्वरूप पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके सीने, पीठ और गले पर करीब 15 वार किए। गंभीर रूप से घायल आनंदस्वरूप की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर छतारी थाना पुलिस, एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ डिबाई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आनंदस्वरूप और उनके चचेरे भाई के बीच 12 बीघा पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले करीब 10 साल से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। मृतक के परिजनों ने चचेरे भाई के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस की तीन टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह आरोपी चचेरे भाई और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है जिसमें वारदात के बाद दोनों आरोपी भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
