Munger (मृत्युंजय) : के जमालपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। करोड़ों रुपये की कथित निवेश ठगी मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक के आवास पर छापेमारी कर धन शोधन और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गुरुवार की सुबह जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फूलका में उस समय हलचल मच गई जब ईडी की टीम स्थानीय पुलिस के साथ कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर पहुंची। टीम ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक ईडी अधिकारियों ने बैंकिंग रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज खंगाले गए और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई। जानकारी के अनुसार इस मामले के प्राथमिक आरोपी जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी अधिकारियों ने घंटों पूछताछ की।
गौरतलब है कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर चिटफंड की तर्ज पर निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराने और बाद में कार्यालय बंद कर देने का आरोप है। कंपनी का कार्यालय 18 नवंबर 2024 को बंद होने के बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी आधार पर कांड संख्या 224/24 दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच के दौरान कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव लंबे समय तक फरार रहे। बाद में उन्होंने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद से वे न्यायिक हिरासत में हैं। अब ईडी धन शोधन यानी मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। ईडी की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित निवेश ठगी मामले में कई बड़े खुलासे कर सकती है। फिलहाल पूरे जमालपुर में ईडी की इस कार्रवाई को लेकर चर्चा है।





