राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में एनएच-9 पर चलती बस पर फायरिंग, परिचालक से लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र में एनएच-09 स्थित बुलंदशहर फ्लाईओवर के पास कार सवार बदमाशों ने चलती बस पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद ओवरटेक कर दूसरी बस में सवार चार लोगों ने परिचालक पर हमला कर उससे नकदी लूट ली और फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला मेरठ के गांव राधना निवासी जैद ने बताया कि वह साहिल बस सर्विस की बस में परिचालक है। रात में उसकी बस जब बुलंदशहर फ्लाईओवर के पास पहुंची तो स्कार्पियो सवार कुछ लोगों ने बस रुकवाने के लिए फायरिंग की। इसके बाद पीछे आ रही एक अन्य बस ने ओवरटेक कर उनकी बस को रुकवा लिया।

आरोप है कि उस बस में सवार आरिफ और शाहरुख निवासी गांव देहपा, ताहिर निवासी स्याना जिला बुलंदशहर और अनवार निवासी गांव राधना जिला मेरठ उनकी बस में चढ़ गए। आरोपियों ने कहा कि इस रूट पर केवल जाहिद स्याना की बस ही चलेगी और इसी बात को लेकर सरियों और तमंचों से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से परिचालक पर फायरिंग भी की, जिसमें वह बाल-बाल बचा।

यात्रियों को अपनी ओर आते देख आरोपी 5800 रुपये से भरा पर्स लूटकर परिचालक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिचालक ने थाना देहात पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि परिचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ताहिर और अनवार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button