Uttar Pradesh : हापुड़ में डग्गामार बस की छत और खिड़कियों से लटके मिले स्कूली छात्र, वायरल वीडियो से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Hapur News : हापुड़ में में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र एक डग्गामार बस की छत पर बैठकर और खिड़कियों से लटककर सफर करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद परिवहन व्यवस्था और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह वीडियो थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सलारपुर के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बस में क्षमता से अधिक सवारियां होने के कारण कई छात्र छत पर बैठे हैं, जबकि कुछ खिड़कियों से लटककर जा रहे हैं। इस स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से डग्गामार वाहनों का संचालन हो रहा है, लेकिन परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी वजह से मजबूरी में स्कूली बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो ने एक बार फिर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
हालांकि वीडियो की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।अगर ये वीडियो बहादुरगढ़ क्षेत्र के सलारपुर के पास का है तो यह छात्रों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तुरंत जांच कर ऐसे अवैध वाहनों पर कार्रवाई करें ताकि बच्चों की जान सुरक्षित रह सके।