राज्यबिहारराज्य

Bihar : उत्पाद विभाग की छापेमारी के दौरान मारपीट का आरोप, युवक की संदिग्ध मौत से गांव में आक्रोश

Nawada (मृत्युंजय) : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ गांव में 30 वर्षीय युवक मुंद्रिका मांझी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान उसे लाठी-डंडों से पीटा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक नंदपुर गांव के स्व. कुलो मांझी का पुत्र था।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग इचुआ गांव में जमा हो गए। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उन्होंने तत्काल नारदीगंज पुलिस को सूचना दी और घटनास्थल पर वाहन भेजने का अनुरोध किया।

पुलिस को शाम में युवक की मौत की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल और अधिकारियों की टीम को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। पुलिस ने बताया कि यह मामला अनुसंधान का हिस्सा है। घटनास्थल के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में होने और रात हो जाने के कारण इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अधिकारियों की टीम भेजी गई।

बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग की टीम देसी शराब की बिक्री और शराब भट्ठी की सूचना पर नवादा के उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम उस इलाके में छापेमारी के लिए गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान मृत युवक मुंद्रिका मांझी गांव में शराब पी रहा था, जिसे देखकर उत्पाद पुलिस ने उसे लाठियों से पीटा। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद उत्पाद टीम करना गांव के रास्ते से निकल गई।

इस संबंध में नवादा एसपी ने बताया कि उन्होंने उत्पाद विभाग के अधिकारियों से बात की है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उनकी टीम उस इलाके में गई थी और शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया है, लेकिन उत्पाद टीम द्वारा मारपीट की घटना से इनकार किया गया है।

फिलहाल गांव में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button