
Motihari (मृत्युंजय) : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भू-माफियाओं को बिहार छोड़ने की चेतावनी के बावजूद मोतिहारी में भू-माफिया हवाईअड्डे की जमीन तक कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मोतिहारी का एक बड़ा भू-माफिया गिरोह रात के अंधेरे में हवाईअड्डे की जमीन को कब्जाकर मिट्टी की भराई कर रहा था। रात 12 बजे के बाद हाईवा से मिट्टी गिराने का काम चल रहा था। इसी बीच मामले की जानकारी सदर अंचल के सीओ को मिली। सूचना मिलते ही सीओ ने छतौनी थाना के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देख भू-माफियाओं का गिरोह मौके से भाग गया, लेकिन इस दौरान संदीप नाम का एक व्यक्ति गिरफ्तार कर लिया गया।
मिट्टी गिरा रहा हाईवा का चालक हाईवा लेकर भागने लगा, जिसका पीछा करते हुए सीओ और पुलिस की टीम ने कोटवा से हाईवा को जब्त कर लिया। मौके से पुलिस ने एक कार और एक स्कूटी को भी जब्त किया है।
मामले में सीओ के आवेदन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले में डीएम सौरभ सुमन यादव ने संज्ञान लिया है। डीएम ने साफ तौर पर कहा है कि मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





