राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Theft Cases: घर, बाइक, पार्सल और नकदी पर हाथ साफ, कई थानों में मुकदमे दर्ज

Noida Theft Cases: घर, बाइक, पार्सल और नकदी पर हाथ साफ, कई थानों में मुकदमे दर्ज

नोएडा। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। सर्फाबाद गांव में बदमाशों ने एक घर से लैपटॉप, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया। वहीं सेक्टर-58 क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी हुई। सेक्टर-39 में डिलीवरी बॉय की बाइक से दो पार्सल गायब हो गए। इसके अलावा छलेरा गांव में घर से मोबाइल फोन और पर्स चोरी होने के बाद बैंक खाते से रकम निकाले जाने का मामला भी सामने आया है। सभी मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सर्फाबाद में घर से लैपटॉप और नकदी चोरी

थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव स्थित नवयुग अपार्टमेंट्स में रहने वाले सत्यम श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि अज्ञात बदमाश उनके घर में चोरी कर ले गए। उनके मुताबिक चोर घर से लैपटॉप, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, किचन के बर्तन, 15 हजार रुपये नकद, कपड़े और छह जोड़ी जूते ले गए।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।

सेक्टर-58 में दो मोटरसाइकिल चोरी

थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में बाइक चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। राहुल यादव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने डी पार्क के पास बेनी होटल के बाहर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी और खाना खाने चले गए। कुछ समय बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली।

दूसरी घटना में शुभम पटेल ने शिकायत दी कि सेक्टर-59 स्थित उनके कार्यालय से अज्ञात बदमाश उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डिलीवरी बॉय की बाइक से दो पार्सल गायब

थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में डिलीवरी बॉय रंजीत कुमार शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह सेक्टर-41 में पार्सल डिलीवर करने गए थे। बाइक पर कुछ पैकेट रखे हुए थे। पार्सल डिलीवर करने के बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक पर रखे दो पार्सल गायब मिले।

रंजीत के अनुसार, चोरी किए गए पार्सलों में से एक में मोबाइल फोन था। थाना प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

ककराला गांव में ऑफिस के बाहर से बाइक चोरी

थाना फेस-2 क्षेत्र के खोड़ा कॉलोनी निवासी अब्दुल कादिर ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि ककराला गांव में उनका कार्यालय है। वह अपनी मोटरसाइकिल कार्यालय के बाहर खड़ी कर सो गए थे। सुबह उठने पर बाइक गायब मिली।

थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मोबाइल और पर्स चोरी के बाद खाते से रकम निकाली

थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के छलेरा गांव में भी चोरी की घटना सामने आई है। गली नंबर-3 निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसे और उनका मोबाइल फोन तथा पर्स चोरी कर ले गए।

पीड़ित के अनुसार, चोरों ने मोबाइल फोन और एटीएम का इस्तेमाल कर उनके बैंक खाते से रकम भी निकाल ली। थाना प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सभी घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें अज्ञात आरोपियों की पहचान, चोरी किए गए सामान और वाहनों की बरामदगी के लिए जांच में जुटी हैं।

 

Related Articles

Back to top button