Noida Land Registry Fraud: सेक्टर-153 की प्रॉपर्टी कंपनी ने 100 गज प्लॉट के नाम पर महिला से 16 लाख ठगे, छह पर केस
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री कराने का झूठा झांसा देकर एक महिला से 16 लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्वी दिल्ली निवासी रीना पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने सेक्टर-153 स्थित पूर्वांचल प्रॉपर्टीज (पूर्व नाम केडी प्रॉपर्टीज) से जुड़े छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि 100 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री के नाम पर आरोपियों ने विभिन्न किस्तों में 16 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।
पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2026 में जब उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय गामा-2 ले जाया गया, तो जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति के नाम से जमीन बताई जा रही थी, वास्तव में उसके नाम कोई भूखंड मौजूद ही नहीं था। ठगी का खुलासा होने पर जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो कंपनी की तरफ से चार-चार लाख रुपये के तीन चेक दिए गए जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर किशन कुमार, दिनेश चौधरी, रोहताश चौहान, गौरव, आकाश और प्रकाश के विरुद्ध मामला दर्ज कर वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।






पाठकों की राय