Noida Farmhouse Illegal Encroachment: दादरी के किडावली गांव में हिंडन डूब क्षेत्र के फार्म हाउस पर दबंगों ने किया अवैध कब्जा
ग्रेटर नोएडा के दादरी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किडावली में हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा करने और दीवारें गिराने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। गुरुग्राम निवासी मोनिका नैयर ने इस संबंध में पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अक्टूबर 2024 में फार्म हाउस निर्माण के उद्देश्य से यहां कृषि भूमि का बैनामा कराया था। 4 अक्टूबर को जब वह अपनी संपत्ति देखने पहुंचीं, तो फार्म के पीछे की दीवार टूटी मिली और कुछ दिन बाद बाकी दीवारें भी जमींदोज कर दी गईं।
पीड़िता का आरोप है कि फार्म हाउस के मुख्य गेट पर कब्जा कर उस पर दूसरा नाम लिख दिया गया है और वहां तैनात निजी चौकीदार को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। पीड़िता ने अंदेशा जताया है कि वहां जाने पर भूमाफिया उनके साथ कोई गंभीर अनहोनी या जानलेवा हमला कर सकते हैं। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और राजस्व विभाग की टीम के साथ जमीन के सीमांकन और कब्जा करने वालों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


पाठकों की राय