Noida Dowry Harassment Case: सेक्टर-29 निवासी विवाहिता ने पति और सास-ससुर पर लगाया मारपीट व दहेज प्रताड़ना का आरोप
नोएडा के सेक्टर-29 में रहने वाली एक कामकाजी महिला ने अपने पति और सास-ससुर पर शादी के बाद से ही लगातार दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और गंभीर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता आरूषि जेरथ, जो गुरुग्राम की एक नामी पेय पदार्थ निर्माता कंपनी में कार्यरत हैं, की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने पति उदयवीर सिंह सहित ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता का विवाह दिसंबर 2022 में सेक्टर-30 स्थित राम विहार निवासी उदयवीर सिंह के साथ हुआ था और दंपति का एक बेटा भी है। पीड़िता का आरोप है कि विवाह में खर्च और दहेज से असंतुष्ट ससुराल वालों ने शादी के पांचवें दिन से ही उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया था। आरोप है कि पति की पठानकोट तैनाती के दौरान भी उसके साथ हिंसक मारपीट की गई, जिससे तंग आकर वह सितंबर 2025 से अपने बेटे के साथ अलग रहने लगी। सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस का कहना है कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





पाठकों की राय