
Samastipur (मृत्युंजय) : जिले के वैनी थाना क्षेत्र केजिया मंगल स्थान के पास स्कूल जा रही एक छात्रा की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार कस्तूरबा विद्यालय में कक्षा बारहवीं में पढ़ने वाली छात्रा सोनम कुमारी रविवार सुबह स्कूल जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उसे तीन गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान केजिया वार्ड संख्या 14 निवासी उमेश ठाकुर की 17 वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। वैनी थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सदर डीएसपी संजय पांडे ने बताया कि मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर अपराधी की पहचान कर ली गई है और परिजनों ने हत्या का कारण भी बताया है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।





