
Bagaha (मृत्युंजय) : पश्चिमी चंपारण जिले के नौरंगिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम मगरमच्छ के हमले में एक किसान की मौत हो गई। घटना भुलटोला सिरिसिया गांव के पास भापसा नाला की है।
जानकारी के अनुसार भुलटोला सिरिसिया निवासी केदार बैठा 45 वर्ष खेत में सोहनी का काम कर साथियों के साथ घर लौट रहे थे। शाम के समय बेलहवा-सिरिसिया कच्ची सड़क के समीप गुलहरिया सरेह स्थित भापसा नाला पार करते वक्त पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साथ चल रहे कमल उरांव, नथुनी उरांव समेत अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाकर और बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने केदार को नहीं छोड़ा। देखते ही देखते यह हादसा मौत में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक केदार बैठा अपने पीछे पत्नी सीला देवी, दो पुत्र बृजेश बैठा और राजेश बैठा तथा पुत्री सीमा को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने, क्षेत्र में सक्रिय मगरमच्छ को पकड़ने और भापसा नाला के आसपास स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में इस नाले में मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों की जान हमेशा खतरे में रहती है।




