Uttar Pradesh : हापुड़ में रेलवे फाटक के पास पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

0
2

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के दोयमी रेलवे फाटक के पास शुक्रवार सुबह साढ़े 7 बजे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर आसपास के लोगों की मदद से उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान विद्या नगर निवासी पंकज के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार पंकज मूल रूप से सीतापुर जिले के लहरपुर थाना क्षेत्र के कुटी सिकोली गांव का रहने वाला था। वह हापुड़ में गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पंकज की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए।

थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए यह मामला गृहकलेश के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।