Noida Turtle Rescue: प्रतिबंधित प्रजाति के दो कछुए बरामद, नोएडा में वन विभाग की कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

Noida Turtle Rescue: प्रतिबंधित प्रजाति के दो कछुए बरामद, नोएडा में वन विभाग की कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
नोएडा, 16 जुलाई। नोएडा में वन विभाग की टीम ने प्रतिबंधित वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-2 स्थित एक कंपनी के कार्यालय से प्रतिबंधित प्रजाति के दो कछुए बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
दादरी रेंज की वन दारोगा ज्योति ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे विभाग को ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 स्थित एक कंपनी के कार्यालय में प्रतिबंधित प्रजाति के कछुए पाले जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी दात्ताराम के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कंपनी में देखरेख करने वाला चंद्रप्रकाश नामक व्यक्ति मौजूद मिला। तलाशी के दौरान कार्यालय से भारतीय रूफ्ड (Indian Roofed Turtle) प्रजाति के दो कछुए बरामद किए गए। वन विभाग ने दोनों कछुओं को तत्काल अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए दोनों कछुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की अनुसूची-1 में शामिल लुप्तप्राय प्रजाति के वन्यजीव हैं। इस श्रेणी के वन्यजीवों को बिना वैधानिक अनुमति के पालना, खरीदना या रखना कानूनन अपराध है और इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
वन विभाग ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रतिबंधित वन्यजीव को घर या कार्यालय में न रखें और यदि कहीं ऐसे मामलों की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीव संरक्षण कानूनों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।





