Theft in Noida: खल व्यापारी की दुकान से सात लाख रुपये चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
Theft in Noida: खल व्यापारी की दुकान से सात लाख रुपये चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के सादोपुर गांव में दिनदहाड़े एक खल व्यापारी की दुकान से 7 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सादोपुर गांव निवासी सुखबीर सिंह गांव की झाल पर खल की दुकान चलाते हैं। सोमवार दोपहर वह कुछ मिनट के लिए किसी काम से पास की दुकान पर चले गए। इसी दौरान तीन युवक दुकान में पहुंचे और गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक गल्ले से रुपये निकाल रहा है, जबकि दूसरा युवक बाइक स्टार्ट कर मौके पर तैयार खड़ा है और तीसरा आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। कुछ ही मिनटों में तीनों आरोपी सात लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि गल्ले में कुल 10 लाख रुपये रखे थे, जिनमें से 7 लाख रुपये चोरी हो गए। यह रकम उन्हें थोक व्यापारी को भुगतान करने के लिए रखनी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।