
Bihar (मृत्युंजय) : अरवल जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर फतेहपुर संडा के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हाइवा ट्रक और टेम्पो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में पति-पत्नी सहित चार लोगों की जान गई। मृतकों की पहचान राजगीर राम और उनकी पत्नी मनीषा देवी, दोनों निवासी थाना परासी, अमरजीत कुमार गुमटी बिगहा थाना परासी तथा रामदयाल भदासी जिला अरवल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अरवल थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया गया है।
दुर्घटना में शामिल हाइवा ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है। दुर्घटना के कारणों की गहन जांच जारी है।





