Uttar Pradesh : हापुड़ में कार सवार रईसजादों का आतंक, बाइक सवार को टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास, घटना सीसीटीवी में कैद

Hapur : कार सवार कुछ रईसजादों ने ऐसा उत्पात मचाया कि राहगीर दहशत में आ गए। तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी, इसके बाद उसे कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद कार सवार बाइक में टक्कर मारते हुए वहां से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक सामान्य रूप से रास्ते पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी कार सवार नहीं रुके। उन्होंने बाइक सवार को कुचलने की कोशिश की। जब युवक ने विरोध किया और उन्हें रोका तो आरोपियों ने गुस्से में आकर बाइक पर ही कार चढ़ा दी और उसे घसीटते हुए ले गए।
इस हादसे में बाइक सवार युवक किसी तरह बाल-बाल बच गया, लेकिन उसे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार सवार किस तरह लापरवाही से बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद उसे कुचलने का प्रयास कर रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सीईओ अनीता चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज संज्ञान में आया है, मगर युवक द्वारा कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।




