Car Theft: पेट्रोल भरवाने पहुंचे युवक की फॉर्च्यूनर और मोबाइल लेकर फरार हुए बदमाश

Car Theft: पेट्रोल भरवाने पहुंचे युवक की फॉर्च्यूनर और मोबाइल लेकर फरार हुए बदमाश
नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर खड़े एक युवक के साथ लूट और वाहन चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश पहले युवक का मोबाइल फोन और कार की चाबी छीनकर फरार हो गए। इसके बाद मौका मिलते ही उसकी फॉर्च्यूनर कार भी लेकर भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-68 स्थित गढ़ी चौखंडी निवासी राजकुमार निषाद 30 जून की रात करीब 12 बजे सेक्टर-54 स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपनी फॉर्च्यूनर कार में डीजल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से खड़ी एक कार से कुछ युवक उतरे और उनके पास आ गए। आरोप है कि बदमाशों ने जबरन उनका मोबाइल फोन और कार की चाबी छीन ली।
पीड़ित ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। जब राजकुमार वापस पेट्रोल पंप पर लौटे तो उनकी फॉर्च्यूनर कार भी वहां से गायब थी। उन्हें आशंका है कि मोबाइल और चाबी छीनने वाले बदमाश ही उनकी कार लेकर फरार हुए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले राजकुमार ने अपने एक दोस्त को फोन कर पेट्रोल पंप पर बुलाया था और वह उसके आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान में कुछ विरोधाभास भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, घटनास्थल के तकनीकी साक्ष्य और संदिग्ध वाहन की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय सुनसान स्थानों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।





