Uttar Pradesh : जिलाधिकारी कविता मीणा ने चकबंदी अंश निर्धारण की प्रगति देखी, किसानों की सुनी समस्याएं

Hapur : हापुड़ जिलाधिकारी कविता मीना ने तहसील हापुड़ और धौलाना के गांव चितौली तथा चिचोई का दौरा कर चकबंदी और अंश निर्धारण प्रक्रिया की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने काश्तकारों से सीधे संवाद किया और उनकी आपत्तियों को सुना।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंश निर्धारण का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से किया जाए। प्रत्येक काश्तकार को उसकी मूल जोत के अनुपात में, मूल्यांकन के आधार पर तथा चक मार्ग और सिंचाई नाली की सुविधा के साथ चक आवंटित किया जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि अंश निर्धारण पर प्राप्त आपत्तियों का धारा-9, धारा-10 एवं धारा-20 के तहत समयबद्ध निस्तारण हो। कोई भी पात्र काश्तकार चक से वंचित न रहे। वरासत, बंटवारा एवं त्रुटि सुधार के मामले प्राथमिकता से निपटाए जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व और चकबंदी टीम संयुक्त रूप से मौके पर जाकर किसान की मौजूदगी में चक की पैमाइश कर मेड़बंदी कराएं। चक मार्ग, खलिहान, खाद के गड्ढे, आबादी एवं सार्वजनिक स्थल नियमानुसार छोड़े जाएं। गांव में मुनादी और चौपाल के माध्यम से किसानों को अंश निर्धारण, चक आवंटन और अपील की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अंश निर्धारण में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। यदि किसी को आपत्ति है तो लिखित रूप से दे, नियमानुसार निस्तारण होगा।





