Suicide Case: नोएडा की हाईराइज सोसायटी में 18वीं मंजिल से कूदकर महिला की मौत

Suicide Case: नोएडा की हाईराइज सोसायटी में 18वीं मंजिल से कूदकर महिला की मौत
नोएडा : सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसायटी में मंगलवार सुबह एक 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-39 पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल (46) के रूप में हुई है। वह टावर-32 के फ्लैट नंबर-1803 में अपने परिवार के साथ रहती थीं। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे उन्होंने अपने फ्लैट की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पति पल्लव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।





