राज्यउत्तर प्रदेश

Water Supply News: ग्रेटर नोएडा के छह सेक्टरों और 38 गांवों में पेयजल नेटवर्क विस्तार तेज

Water Supply News: ग्रेटर नोएडा के छह सेक्टरों और 38 गांवों में पेयजल नेटवर्क विस्तार तेज

Related Articles

नोएडा: ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए प्राधिकरण ने छह सेक्टरों और 38 गांवों में पाइपलाइन बिछाने का काम तेज कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार वर्ष के अंत तक यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही भूजल के साथ गंगाजल आपूर्ति का नेटवर्क भी लगातार बढ़ाया जा रहा है।

प्राधिकरण के मुताबिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट के औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-11, इकोटेक-1, नॉलेज पार्क-5 तथा आवासीय सेक्टर-1, 10 और 12 में पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के साथ अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। जिन स्थानों पर भूमि संबंधी बाधाओं के कारण कार्य रुका हुआ था, उनका सर्वे कर अधूरे हिस्सों को चिन्हित कर लिया गया है।

ग्रेटर नोएडा में बढ़ती आबादी को देखते हुए मास्टर प्लान-2041 के तहत जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। सलाहकार एजेंसी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्राधिकरण को सौंप दी है, जिसमें मौजूदा नेटवर्क के रखरखाव के साथ जल संसाधनों के विस्तार की सिफारिश की गई है। वर्तमान में क्षेत्र की आबादी 12 लाख से अधिक हो चुकी है, इसलिए अगले 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जाएगा।

जल विभाग के अनुसार फिलहाल शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 312 नलकूपों के माध्यम से लगभग 270 एमएलडी भूजल तथा 70 से 80 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है। भविष्य में गांवों में भी ओवरहेड टैंक और भूमिगत जलाशय बनाकर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

गांवों तक पहुंचेगा गंगाजल

प्राधिकरण गांवों में भी गंगाजल आपूर्ति शुरू करने की तैयारी कर रहा है। पहले चरण में सेक्टरों से सटे गांवों को गंगाजल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के 120 गांवों में से 68 गांवों में जलापूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि 38 गांवों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। डाबरा, सफीपुर, घोड़ी बछेड़ा और क्यामपुर समेत कई गांव इस परियोजना में शामिल हैं।

वन सिटी-वन ऑपरेटर योजना पर भी काम

जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ‘वन सिटी-वन ऑपरेटर’ योजना पर भी कार्य कर रहा है। इसके तहत पूरे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था एक अनुभवी कंपनी को सौंपी जाएगी। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए उपभोक्ताओं के यहां पानी के मीटर भी लगाए जाएंगे।

ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि सभी सेक्टरों और अधिसूचित गांवों तक बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। अध्ययन के आधार पर चरणबद्ध तरीके से परियोजनाओं को लागू किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button