Noida Land Alert: नोएडा के तीन गांवों की 45 खसरों वाली जमीन की खरीद-फरोख्त अवैध, प्राधिकरण ने जारी की चेतावनी

Noida Land Alert: नोएडा के तीन गांवों की 45 खसरों वाली जमीन की खरीद-फरोख्त अवैध, प्राधिकरण ने जारी की चेतावनी
नोएडा प्राधिकरण ने शहर के तीन गांवों सलारपुर, भंगेल और हाजीपुर की करीब 45 खसरों वाली जमीन को लेकर आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि इन खसरों पर किसी भी प्रकार की जमीन या भवन की खरीद-फरोख्त करने से पहले पूरी जानकारी हासिल करना जरूरी है। बिना जांच-पड़ताल के संपत्ति खरीदने पर होने वाले आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी खरीदार और विक्रेता की होगी।
प्राधिकरण के अनुसार, इन क्षेत्रों में अधिसूचित, अर्जित और पट्टे के माध्यम से प्राप्त जमीनों पर कुछ भू-माफिया और अतिक्रमणकर्ताओं ने अवैध कब्जा कर रखा है। इन जमीनों पर बिना अनुमति निर्माण किए गए हैं, जिनके खिलाफ नोएडा प्राधिकरण समय-समय पर कार्रवाई कर रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। कई मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि कुछ अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।
प्राधिकरण ने बताया कि ग्राम सलारपुर खादर के कई खसरों पर अवैध निर्माण किए गए हैं। इनमें खसरा संख्या 700 से 711, 723, 724, 728 से 735, 745 से 752, 759, 760, 762 से 764, 779, 780 और 795 से 798 शामिल हैं।
इसी तरह ग्राम भंगेल बेगमपुर के खसरा संख्या 176, 178, 217, 221, 223, 225, 226, 247, 250 और 251 तथा ग्राम हाजीपुर के खसरा संख्या 412 को भी विवादित और अवैध निर्माण वाली श्रेणी में रखा गया है।
नोएडा प्राधिकरण ने साफ किया है कि इन खसरों पर किसी भी भवन या भूखंड का नक्शा स्वीकृत नहीं किया गया है। ऐसे में यहां किए गए सभी निर्माण पूरी तरह अवैध माने जाएंगे। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भविष्य में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण वाले क्षेत्रों में बिजली, पानी, सीवर, सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को इन क्षेत्रों में जमीन या भवन खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच करना आवश्यक है।
नोएडा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि संपत्ति खरीदने से पहले संबंधित जमीन के दस्तावेज, प्राधिकरण की स्थिति और स्वीकृत नक्शे की जानकारी जरूर प्राप्त करें। प्राधिकरण का कहना है कि भू-माफियाओं के जाल में फंसकर लोग अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं।
प्राधिकरण की इस चेतावनी का उद्देश्य अवैध कॉलोनियों और गैरकानूनी निर्माणों पर रोक लगाना तथा आम लोगों को जमीन खरीद में होने वाले नुकसान से बचाना है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




