राज्यउत्तर प्रदेश

International Yoga Day: योग को जीवनशैली बनाएं, तभी मिलेगा स्वस्थ और सक्रिय बुढ़ापा: एम्स

International Yoga Day: योग को जीवनशैली बनाएं, तभी मिलेगा स्वस्थ और सक्रिय बुढ़ापा: एम्स

नई दिल्ली, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम्स दिल्ली में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 4,000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में एम्स के निदेशक निखिल टंडन ने योग को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

एम्स के निदेशक लॉन में आयोजित योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना और इसे दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

एम्स निदेशक निखिल टंडन ने कहा कि योग को केवल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना होगा। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक रूप से भी संतुलित रह सकता है, जिससे जीवन के बढ़ते वर्षों में सक्रिय और स्वस्थ रहना संभव है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास उम्र बढ़ने के साथ होने वाली कई स्वास्थ्य समस्याओं के प्रबंधन में सहायक साबित हो सकता है। गठिया, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी आयु संबंधी बीमारियों में योग शरीर और मन को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर एम्स के फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, विद्यार्थी, कर्मचारी, मरीजों के परिजन और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर एम्स ने योग को आधुनिक चिकित्सा का प्रभावी पूरक बताते हुए योग आधारित शोध को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। संस्थान ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में योग के उपयोग को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

 

Related Articles

Back to top button