Noida Police: छह माह में 179 बाल श्रमिकों को कराया मुक्त, मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

Noida Police छह माह में 179 बाल श्रमिकों को कराया मुक्त, मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
गौतमबुद्धनगर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने मानव तस्करी, बाल श्रम और अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पिछले छह माह के दौरान जिले में 179 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया, जबकि 65 महिलाओं और बच्चों को विभिन्न आश्रय गृहों से उनके परिवारों तक सुरक्षित पहुंचाया गया। इसके अलावा भीख मांगने वाले 14 बच्चों का पुनर्वास कर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि एक दिसंबर 2025 से 15 जून 2026 तक जिले में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अलग-अलग टीमों का गठन कर विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाए गए। इस दौरान बाल श्रम, मानव तस्करी और बच्चों के शोषण से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस के अनुसार मानव तस्करी के एक महत्वपूर्ण मामले में बिसरख थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एक नवजात बालिका को भी बरामद किया गया था। हालांकि अब तक उसके माता-पिता की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान तीन से आठ वर्ष आयु वर्ग के गुमशुदा और अपहृत बच्चों से जुड़े 23 मामलों की विवेचना भी एएचटीयू को सौंपी गई। इनमें से चार मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जबकि 10 मामलों में अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। आठ मामलों की जांच अभी भी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानव तस्करी, बाल श्रम और बच्चों के शोषण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके।





