Greater Noida: ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष ने लगाया जानलेवा हमले और फायरिंग का आरोप

Greater Noida: ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष ने लगाया जानलेवा हमले और फायरिंग का आरोप
डीसीपी से निष्पक्ष जांच की मांग, एडीसीपी को सौंपी गई जांच
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू नागर ने कुछ लोगों पर जानलेवा हमला, फायरिंग और झूठी कार्रवाई कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीसीपी ग्रेटर नोएडा को शिकायत पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भांजे और भतीजे पर हमले का आरोप
सोनू नागर ने शिकायत में बताया कि 9 जून की रात उनके भांजे सचिन भाटी और भतीजे गौरव नागर पर जीएल बजाज चौराहे के पास हमला किया गया। आरोप है कि दिनेश कसाना, सुभाष कसाना, सतीश कसाना समेत कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोककर तोड़फोड़ की और लाठी-डंडों से मारपीट की।
ओवरलोड वाहनों की कार्रवाई से रंजिश का दावा
शिकायतकर्ता का कहना है कि हाल ही में जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान कई वाहनों के चालान हुए थे। इसी कार्रवाई से नाराज होकर कुछ लोगों ने उनसे रंजिश रख ली और बाद में हमला किया।
वाहन पर फायरिंग का भी आरोप
सोनू नागर के अनुसार हमलावरों ने वाहन पर फायरिंग भी की। उनका दावा है कि गोली गाड़ी के शीशे को पार करते हुए डैशबोर्ड में फंस गई। उन्होंने कहा कि इसका प्रमाण अभी भी वाहन में मौजूद है।
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना की सूचना 112 नंबर पर देने के बावजूद पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। बल्कि उनके भतीजे गौरव नागर, भांजे सचिन भाटी और अन्य परिजनों को थाने ले जाकर कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें भी हिरासत में लिया गया था और बाद में जमानत करानी पड़ी।
थाने में खड़ी है गाड़ी
सोनू नागर का कहना है कि उनकी गाड़ी (यूपी-16 एफई-2082) अभी भी थाने में खड़ी है। वाहन पर गोली लगने के निशान और अन्य क्षति की जांच कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सकती है।
एडीसीपी को सौंपी गई जांच
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण कुमार सिंह ने मामले की जांच एडीसीपी संतोष कुमार को सौंप दी है। एडीसीपी ने तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





