Uttar Pradesh : हापुड़ में बच्चा न होने पर ससुरालियों पर हत्या के प्रयास का आरोप, देवर ने किया दुष्कर्म का प्रयास

Hapur : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक मोहल्ले की महिला ने ससुराल पक्ष पर बच्चा न होने पर उसकी हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि घर में अकेली पाकर देवर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
महिला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 19 अप्रैल 2012 में उसकी शादी थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एक मोहल्ले के युवक से हुई थी। शादी के बाद उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। आरोप है कि बच्चा न होने के कारण पति, ससुर, सास, देवर और जेठ आए दिन उसे तंग परेशान करने लगे। इतना ही नहीं ससुराल पक्ष के लोगों ने एक प्लॉट पति के नाम कराने की बात कही। तीन वर्ष पहले मायके वालों ने हापुड़ में 50 वर्गगज का प्लॉट उसके नाम से दिलवा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट कर उसका प्लॉट बिकवा दिया और सारी रकम अपने पास रख ली।
30 मई 2026 की रात करीब आठ बजे घर में अकेली पाकर देवर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। शिकायत करने पर सास, ससुर और देवरानी ने उल्टा उसे ही डांटकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसकी हत्या का प्रयास भी किया। घटना की सूचना मिलने पर मायके वाले उसे ससुराल से मायके ले आए। महिला के परिजनों के पास ससुराल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





