Uttar Pradesh : विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम और सीडीओ ने किया वृक्षारोपण, माटी के बर्तनों के उपयोग की अपील

Hapur : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला ग्रामोद्योग विभाग के सौजन्य से कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कविता मीना और मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामोद्योग विभाग द्वारा प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित करते हुए माटी के बर्तनों को बढ़ावा देने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी कविता मीना ने कलेक्ट्रेट में उपस्थित आमजन से अपील की कि राष्ट्र की रक्षा और स्वस्थ भविष्य के लिए पर्यावरण का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने आंगन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। साथ ही उन्होंने प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और दैनिक जीवन में माटी के बर्तनों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला ग्रामोद्योग अधिकारी भी मौजूद रहे।
