Uttar Pradesh : हापुड़ में हाईवे पर व्यापारी से 22 लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी

Hapur : जनपद हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे 9 पर रविवार की देर शाम बदमाशों ने 22 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दे दिया है। इस घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया है। पुलिस व्यापारी की सूचना पर मामले की छानबीन में जुट गई है।
दिल्ली सीलमपुर के रहने वाले व्यापारी डब्बू जैन का कपड़े का थोक एवं रिटेल का कारोबार है। वह रविवार को मुरादाबाद क्षेत्र से पेमेंट लेने के लिए अपने चालक के साथ ग्रैंड विटारा कार से निकले थे। कई स्थानों से करीब 22 लाख रुपये एकत्र करने के बाद वह देर रात वापस दिल्ली लौट रहे थे। जैसे ही वह गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा से हापुड़ की तरफ बढ़े तो अचानक पीछे से आई एक कार ने ओवरटेक कर उनकी कार को रोक लिया।
इससे पहले कि व्यापारी कुछ समझ पाते, अचानक कार से उतरे बदमाशों ने हथियारों के बल पर उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया तथा शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से व्यापारी डब्बू जैन दहशत में आ गए।
इसके बाद वह एक होटल पर पहुंचे, जहां से उन्होंने अपने साथ हुई घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। 22 लाख रुपये लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने व्यापारी को साथ लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। वह मामले की जांच कर रहे हैं।





