Water Crisis Noida: पानी की किल्लत से भड़के लोटस जिंग सोसाइटी के निवासी, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Water Crisis Noida: पानी की किल्लत से भड़के लोटस जिंग सोसाइटी के निवासी, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
नोएडा। सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग सोसाइटी में लगातार गहराते पेयजल संकट से परेशान निवासियों का सब्र शनिवार को जवाब दे गया। पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों ने सोसाइटी के बाहर मुख्य सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।
लोटस जिंग सोसाइटी में 1200 से अधिक परिवार निवास करते हैं। पिछले पांच दिनों से सोसाइटी के लोग गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद रखरखाव एजेंसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी के कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे और न ही किसी प्रकार की संतोषजनक जानकारी दे रहे हैं।
निवासियों के अनुसार सोसाइटी की पेयजल आपूर्ति के लिए तीन मोटरें लगी हुई हैं। इनमें से दो मोटर पहले ही खराब हो चुकी थीं, जबकि तीसरी मोटर भी हाल ही में बंद हो गई। तीनों मोटरों के खराब हो जाने के कारण पूरी सोसाइटी में जलापूर्ति ठप हो गई और हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोसाइटी निवासी हेमंत सिधाना और अतुल भारद्वाज ने बताया कि समस्या लगातार बढ़ती जा रही थी और कई दिनों से कोई समाधान नहीं निकल रहा था। मजबूर होकर लोगों ने एकजुट होकर मुख्य सड़क पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। इसके बाद लोगों ने सड़क खाली कर यातायात को सामान्य होने दिया।
निवासियों का कहना है कि पानी की कमी के कारण उनका दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई लोगों को नहाने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के घर जाना पड़ रहा है। कुछ परिवार तो अस्थायी रूप से अपने पैतृक गांव या अन्य स्थानों पर जाने को मजबूर हो गए हैं। निवासी श्रेय दीक्षित ने बताया कि फिलहाल टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था सोसाइटी की जरूरतों के मुकाबले बेहद नाकाफी साबित हो रही है।
प्रदर्शन के बाद सोसाइटी के निवासियों ने सेक्टर-137 थाना पुलिस में आईआरपी और रखरखाव एजेंसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं रखरखाव एजेंसी का कहना है कि पेयजल आपूर्ति को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एजेंसी के अनुसार पाइपलाइन और मोटरों में आई तकनीकी खराबी के कारण समस्या उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द दूर करने की कोशिश की जा रही है। एजेंसी ने निवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।



