Greater Noida: ग्रेनो क्षेत्र के नौ गांवों में 46.38 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया, अगले महीने चलेगा वसूली अभियान

Greater Noida: ग्रेनो क्षेत्र के नौ गांवों में 46.38 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया, अगले महीने चलेगा वसूली अभियान
नोएडा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के नौ गांवों में बिजली उपभोक्ताओं पर 46.38 करोड़ रुपये का भारी बकाया होने के बाद नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने सख्त रुख अपनाने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने बकाया राशि जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अगले महीने से विशेष वसूली अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार नोटिस और अपील के बावजूद उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते अब बिजली कनेक्शन काटने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एनपीसीएल अधिकारियों के अनुसार प्रथम चरण में खेड़ी, भनौता, सैनी, सुनपुरा, मकौड़ा, श्यौराजपुर, खोदना खुर्द, खोदना कलां और वैदपुरा गांवों को चिन्हित किया गया है। इन गांवों में सबसे अधिक बिजली बिल बकाया है। कंपनी के मुताबिक उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है, जिससे बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है।
एनपीसीएल के पास ग्रेटर नोएडा के शहरी क्षेत्र के अलावा 118 गांवों में बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी है। कंपनी प्रबंधन ने बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर विशेष अभियान की योजना बनाई है। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि उपभोक्ताओं से कई बार भुगतान की अपील की गई, लेकिन इसके बावजूद बकाया जमा नहीं कराया गया। अब टीम गठित कर गांवों में अभियान चलाया जाएगा और भुगतान न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कंपनी को बकाया वसूली के साथ मीटर लगाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक इन नौ गांवों में 199 घर ऐसे हैं, जहां अब तक बिजली के मीटर नहीं लगाए जा सके हैं। टीम जब मीटर लगाने पहुंचती है तो कई जगह विरोध का सामना करना पड़ता है। जबकि उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (यूपीईआरसी) के नियमों के अनुसार हर बिजली उपभोक्ता के घर में मीटर लगाना अनिवार्य है।
एनपीसीएल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सैनी गांव में सबसे अधिक 10.67 करोड़ रुपये का बकाया है। इसके अलावा श्यौराजपुर में 8.65 करोड़, खेड़ी में 7.90 करोड़, सुनपुरा में 5.95 करोड़, वैदपुरा में 3.60 करोड़, मकौड़ा में 3.47 करोड़, खोदना खुर्द में 2.46 करोड़, भनौता में 2.40 करोड़ और खोदना कलां में 1.42 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है।
कंपनी अधिकारियों का कहना है कि बकाया वसूली अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए अंतिम अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी बिल जमा नहीं करने वालों के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे और नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जाएगी।





