Noida Theft: बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार बदमाश गिरफ्तार, 50 लाख के गहने बरामद

Noida Theft: बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार बदमाश गिरफ्तार, 50 लाख के गहने बरामद
नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख 65 हजार रुपये नकद, करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल जिले के तुमरईघाट गांव निवासी प्रदीप यादव उर्फ फौजी, शिव कुमार उर्फ चूंचा, संभल के धनीपुर गांव निवासी वीरेश उर्फ वीरा और महोबा निवासी सूरज उर्फ बंटा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने हाल ही में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रोन-3 में एक कारोबारी के घर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा सेक्टर डेल्टा-1 में भी दो घरों में चोरी की घटनाएं की थीं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी दिनभर ऑटो में बैठकर सेक्टरों और सोसायटियों में घूमते थे। इस दौरान वे ऐसे घरों की पहचान करते थे, जो लंबे समय से बंद पड़े हों। रात होने पर गिरोह के सदस्य मौके पर पहुंचकर मकानों के ताले तोड़ते और सोने-चांदी के गहने व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद किया है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने यह ऑटो फाइनेंस की किस्त जमा न होने के कारण सस्ते दामों में खरीदा था और उसी का इस्तेमाल वारदातों के लिए करते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के फरार सदस्य की तलाश जारी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।





