Uttar Pradesh : बुलंदशहर के खुर्जा में पीएनजी पाइपलाइन में लगी आग से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र स्थित कालिंदी कुंज इलाके में बुधवार को पीएनजी गैस पाइपलाइन में आग लग गई। रिहायशी बस्ती के बीच से गुजर रही पाइपलाइन में अचानक आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटें आसमान तक उठने लगीं और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के समय कई घरों में बच्चे अकेले मौजूद थे, जबकि परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार के बीच घरों से बाहर निकलकर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग घर छोड़कर सड़क पर आ गए। गैस पाइपलाइन से निकलती आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। लोगों को डर था कि कहीं आग आसपास के मकानों तक न पहुंच जाए या गैस विस्फोट न हो जाए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि कुछ देर और हो जाती तो गैस रिसाव के कारण बड़ा विस्फोट हो सकता था। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। कई घंटों तक इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय निवासी रेनू ने बताया कि घटना के समय वह घर से बाहर थीं और उनकी बेटी घर पर अकेली थी। बेटी का फोन आने के बाद वह भागते हुए मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा, “अगर आग घर तक पहुंच जाती या बच्चों को कुछ हो जाता, तो जिम्मेदार कौन होता” इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने पीएनजी गैस कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ब्रह्मपाल, रानी, अभिषेक और सत्यनारायण समेत कई लोगों ने कहा कि पाइपलाइन की समय पर जांच और रखरखाव नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने मांग की कि रिहायशी इलाकों में बिछी गैस पाइपलाइनों की नियमित निगरानी कराई जाए।
फिलहाल प्रशासन और तकनीकी टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पाइपलाइन में लीकेज या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और गैस कंपनी की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।





