Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में NPCL कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट, बिजली जांच को लेकर हुआ विवाद

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में NPCL कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट, बिजली जांच को लेकर हुआ विवाद
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित चौगानपुर गांव में शुक्रवार को नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और ईंट-पत्थर तक चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक अत्यधिक गर्मी के कारण इलाके में बिजली फॉल्ट की शिकायत मिलने पर NPCL कर्मचारी चौगानपुर गांव पहुंचे थे। फॉल्ट ठीक करने के दौरान कर्मचारियों को अवैध बिजली कनेक्शन और कम किलोवाट के कनेक्शन पर अधिक बिजली इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें मिलीं।
आरोप है कि जब कर्मचारियों ने जांच शुरू की तो कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और पत्थरबाजी होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





