Flipkart mobile theft: फ्लिपकार्ट की रिपेयर फैक्टरी से 70 लाख के मोबाइल और पार्ट्स चोरी, दो टेक्नीशियन पर शक

Flipkart mobile theft: फ्लिपकार्ट की रिपेयर फैक्टरी से 70 लाख के मोबाइल और पार्ट्स चोरी, दो टेक्नीशियन पर शक
नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित फ्लिपकार्ट की रिपेयर फैक्टरी से करीब 70 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। ऑडिट और आंतरिक जांच के दौरान इस बड़े घोटाले का खुलासा हुआ। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में फैक्टरी में कार्यरत दो टेक्नीशियन की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-63 के डी ब्लॉक में Flipkart इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड की रिपेयर फैक्टरी संचालित होती है। यहां फ्लिपकार्ट के पुराने और खराब मोबाइल फोन मरम्मत तथा गुणवत्ता जांच के लिए भेजे जाते हैं। रिपेयरिंग और टेस्टिंग के बाद इन मोबाइल फोन को रिफर्बिश कर थर्ड पार्टी के माध्यम से बेचा जाता है।
फैक्टरी में गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र निवासी अनमोल और सिद्धांत रिपेयर टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच फैक्टरी में आए मोबाइल फोन के रिकॉर्ड की जांच के दौरान 29 मोबाइल फोन में गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू कराई।
जांच में खुलासा हुआ कि कुछ मोबाइल और उनके पार्ट्स को बिना अनुमति के फैक्टरी से बाहर भेजा गया। आरोप है कि चोरी किए गए सामान को शिपमेंट पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले थर्माकोल पार्टीशन के बीच छिपाकर बाहर भेजा जाता था। जनवरी से अप्रैल 2026 के दौरान फैक्टरी से कुल 534 शिपमेंट बाहर गए थे, जिनकी अब जांच की जा रही है।
कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी किए गए मोबाइल कहां बेचे गए।




