दिल्ली

Online Knife Attack: फ्लिपकार्ट से मंगाए चाकू से युवक पर जानलेवा हमला, दिल्ली में ऑनलाइन हथियार बिक्री पर उठे सवाल

Online Knife Attack: फ्लिपकार्ट से मंगाए चाकू से युवक पर जानलेवा हमला, दिल्ली में ऑनलाइन हथियार बिक्री पर उठे सवाल

रिपोर्ट: रवि डालमिया

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीदे गए चाकू से हुए जानलेवा हमले ने राजधानी में ई-कॉमर्स साइट्स पर बिक रहे धारदार हथियारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांधी नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड सीलमपुर इलाके में पत्नी के साथ कथित बदसलूकी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। चार युवकों ने पहले युवक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की और फिर ऑनलाइन मंगाए गए चाकू से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामले में दिल्ली पुलिस ने तेजी दिखाते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर एक आरोपी और दो नाबालिगों को पकड़ लिया। जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Flipkart से खरीदा गया था। इस खुलासे के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धारदार हथियारों की बिक्री और निगरानी व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

डीसीपी शाहदरा आरपी मीणा के अनुसार 13 मई की रात जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ ओल्ड सीलमपुर स्थित हलान चौक के पास रेलवे लाइन किनारे से गुजर रहे थे। आरोप है कि रास्ते में चार युवकों ने उनकी पत्नी के साथ कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी करने की कोशिश की। जब जितेंद्र कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर जितेंद्र कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में Guru Teg Bahadur Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधी नगर थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर रॉबिन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चार संदिग्ध युवक वारदात से पहले इलाके में घूमते दिखाई दिए।

तकनीकी सर्विलांस और लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 25 वर्षीय मोहम्मद शेहवाज और दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। पूछताछ में एक नाबालिग आरोपी ने खुलासा किया कि हमला करने वाला चाकू ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। आरोपी ने बताया कि चाकू उसके 15 वर्षीय छोटे भाई की आईडी से मंगाया गया था।

इस खुलासे के बाद पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धारदार हथियार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए इतनी आसानी से कैसे डिलीवर हो गया। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि खरीदारी के दौरान किसी तरह का सत्यापन या निगरानी तंत्र अपनाया गया था या नहीं। फिलहाल मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस घटना ने दिल्ली पुलिस की उस चिंता को भी सही साबित कर दिया है, जिसमें हाल ही में क्राइम ब्रांच ने बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ बैठक कर ऑनलाइन बिक रही प्रतिबंधित और खतरनाक वस्तुओं पर सख्त नाराजगी जताई थी। बैठक में Amazon India, Flipkart, Blinkit, Swiggy, Tata 1mg, Netmeds और Snapdeal जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया था।

दिल्ली पुलिस ने कंपनियों को साफ निर्देश दिए थे कि बटनदार चाकू, नकली पिस्टल, बिना पर्चे मिलने वाली दवाएं, पुलिस वर्दी, जीपीएस जैमर और हाई-फ्रीक्वेंसी वॉकी-टॉकी जैसे सामान तुरंत प्लेटफॉर्म से हटाए जाएं। साथ ही सख्त केवाईसी लागू करने और संदिग्ध बिक्री की रियल टाइम सूचना पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए थे।

ओल्ड सीलमपुर की यह वारदात अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे हथियारों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ा अलर्ट बन गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे प्रोडक्ट्स की बिक्री पर सख्ती नहीं हुई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

 

Related Articles

Back to top button