
Faridabad Crime: फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, 9 चोरी की बाइक बरामद
रिपोर्ट: संदीप चौहान
हरियाणा के फरीदाबाद में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच AVTS-2 भूपानी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 चोरी की बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फरीदाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय होकर लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहली कार्रवाई में “हाकम गैंग” के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान हाकम, शोयब और सोहिल निवासी गांव लहरवाड़ी जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 स्प्लेंडर बाइक और 1 टीवीएस स्पोर्ट बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फरीदाबाद के अलग-अलग इलाकों में रेकी कर सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी हाथ से तैयार की गई मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर बाइक का लॉक खोलते थे। चोरी के बाद बाइक को कुछ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और फिर उन्हें सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइकों को किन लोगों तक सप्लाई किया जाता था।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने वाहन चोर गैंग के सदस्य डेविड उर्फ शिवा निवासी मदनगीर, नई दिल्ली को 12 मई को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 1 चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
वहीं तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने गांव अमीपुर निवासी नरेश और गांव बुढैना सेक्टर-86 निवासी गौरव को 11 मई 2026 को गांव नचौली रेलवे पुल के नीचे से गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
फरीदाबाद पुलिस की जांच में सामने आया है कि तीनों गैंग के सदस्य पहले भी वाहन चोरी के कई मामलों में जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद आरोपी लगातार नई वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार ये गिरोह खासतौर पर भीड़भाड़ वाले बाजारों, मेट्रो स्टेशनों, कॉलोनियों और सुनसान इलाकों में खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे।
क्राइम ब्रांच AVTS-2 भूपानी की टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी पर रोक लगाने के लिए मेवात समेत आसपास के कई इलाकों में लगातार रेड और दबिश दी जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों और कबाड़ी नेटवर्क पर भी नजर रखी जा रही है ताकि चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोहों का भी खुलासा किया जा सके।





