राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में एनएच-9 पर चलती बाइक में लगी आग, युवक की जिंदा जलकर मौत

Hapur News : जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-9 पर गांव बछलौता के सामने अचानक चलती बाइक में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। राहगीर युवक को आग में तड़पता देखते रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान अजीत 30 निवासी गांव भोगापुरा रहरा जिला अमरोहा के रूप में की है। पुलिस ने परिजनों को मामले की जानकारी दे दी है।

बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक सवार युवक बाइक से एनएच-09 पर गाजियाबाद की तरफ जा रहा था। गांव बछलौता के सामने पहुंचने पर उसकी चलती बाइक में अचानक हाईवे पर आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि बाइक सवार के बाइक रोकने या कूदने से पहले ही पूरी बाइक आग की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार की जलकर मौत हो गई। राहगीर भी हादसे के दौरान कुछ नहीं कर पाए और युवक ने तड़प तड़पकर दम तोड़ दिया।

बाइक में लगी आग को देखकर हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हादसा देख आने जाने वाले राहगीर यहां काफी संख्या में एकत्र हो गए। उन्होंने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास किए। बाइक अमरोहा नंबर की थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। पुलिस टीम ने आग में जली बाइक को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है। उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है, मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button