Ayushman Card Noida: तीन महीने में 50 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य

Ayushman Card Noida: तीन महीने में 50 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य
नोएडा। जिले में आगामी तीन महीने के भीतर 50 हजार आयुष्मान भारत योजना कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसको लेकर बुधवार देर शाम ग्रेटर नोएडा स्थित विकास भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों से माइक्रो प्लान मांगे गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयुष्मान कार्ड बनाने से जुड़े सभी कर्मचारी और अधिकारी अपना-अपना लक्ष्य तय करें और उसे समय पर पूरा करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। स्वास्थ्य विभाग ने अपना माइक्रो प्लान जमा कर दिया है, जबकि अन्य सरकारी विभागों ने गुरुवार को अपनी योजनाएं सौंपीं।
दादरी और जेवर में लगाए गए शिविर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से दादरी और जेवर क्षेत्र में गुरुवार को विशेष शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए गए। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अलग-अलग स्थानों पर कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
पिछला लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पाया था
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। कार्य की धीमी गति पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए।
करीब दो महीने पहले शासन की ओर से जिले को 45 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसे 15 फरवरी तक पूरा करना था। हालांकि तय लक्ष्य के मुकाबले काफी कम कार्ड बन सके। जानकारी के अनुसार एक हजार से अधिक आईडी जारी किए जाने के बावजूद केवल करीब पांच हजार कार्ड ही बन पाए थे।
इस योजना में स्वास्थ्य विभाग के अलावा कोटेदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आपूर्ति विभाग और अन्य सरकारी विभागों को भी जोड़ा गया है, ताकि पात्र लाभार्थियों तक आसानी से पहुंच बनाई जा सके।




