Uttar Pradesh : हापुड़ में विवाहिता का शव पंखे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

Hapur News : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड नवीन मंडी स्थित मोहल्ला प्रह्लादनगर में मंगलवार की दोपहर एक विवाहिता का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हर बिंदु पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला प्रह्लादनगर निवासी सौरभ की दो वर्ष पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी निवासी यशिका 20 के साथ शादी हुई थी। दोनों का नौ माह का पुत्र यश भी है। मंगलवार की दोपहर यशिका द्वारा पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने यशिका के शव को पंखे से नीचे उतारा और मायके वालों को सूचना दी। मायके वालों के पहुंचने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यशिका द्वारा आत्महत्या करने का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष की तरफ से पुलिस को अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





